Sunday, May 12, 2024
Home राज्य राजस्व लोक अदालतों में 45 हजार से अधिक इंतकाल मामलों का किया गया निपटारा: CM

राजस्व लोक अदालतों में 45 हजार से अधिक इंतकाल मामलों का किया गया निपटारा: CM

by News 360 Broadcast

न्यूज़ 360 ब्रॉडकास्ट (हिमाचल प्रदेश):

प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रशासनिक सचिवों की ‘मंडे मीटिंग’ की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रमों एवं विकासात्मक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक लोगों को इन कल्याणकारी योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि आम जन की सुविधा के लिए राजस्व अधिकारी लम्बित राजस्व मामलों का प्राथमिकता से निपटारा सुनिश्चित करें। राज्य में 01 और 02 दिसंबर, 2023 को आयोजित ‘राजस्व लोक अदालत’ के दौरान इंतकाल के 14 हजार से अधिक लम्बित मामलों का निपटारा किया गया। उन्होंने लंबे समय से लम्बित इन मामलों में तेजी लाने के लिए राजस्व अधिकारियों के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राजस्व लोक अदालत के दौरान अब तक 45 हजार से अधिक इंतकाल के लम्बित मामलों का निपटारा किया गया है और इससे बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हुए हैं।

बालिकाओं की विवाह योग्य आयु बढ़ाने के लिए एक समिति गठित की जाएगी

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं, चिकित्सा महाविद्यालयों और अस्पतालों के बिजली बिल कम करने के विकल्प तलाशने के संबंधित विभागों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बालिकाओं की विवाह योग्य आयु 18 वर्ष से बढ़ाकर 21 वर्ष करने पर विचार कर रही है और इसके लिए शीघ्र ही स्वास्थ्य सचिव के नेतृत्व में एक समिति गठित की जाएगी।

प्रदेश में रोजगार कार्यालयों का किया जाएगा डिजिटलीकरण

मुख्यमंत्री ने व्यवस्थागत पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकारी विभागों के कामकाज में प्रौद्योगिकी को शामिल करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश के सभी रोजगार कार्यालयों का डिजिटलीकरण किया जाएगा और कुशल श्रमशक्ति को रोजगार प्रदान करने की सुविधा के लिए नियोक्ताओं का पंजीकरण भी किया जाएगा।

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पुलिस और जेल विभाग के आधुनिकीकरण पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि आमजन को प्रभावी सेवाएं व पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य परिवेश उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत पुलिस सुधारों पर विशेष ध्यान कंेद्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जेलों में हाई एंड नाइट विजन कैमरे लगाए जाएंगे।

सीएम सुक्खू ने कहा कि ई-वाहनों का सफलतापूर्वक संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में 17 ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने अन्य चार्जिंग स्टेशनों और आवश्यक बुनियादी ढांचे के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि 200 युवाओं ने ई-टैक्सी खरीदने के लिए परिवहन विभाग में आवेदन किया है। सरकार द्वारा ई-टैक्सी खरीदने पर 50 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की जा रही है। उन्होंने वन विभाग में वन मित्रों, पुलिस कांस्टेबलों और जल शक्ति विभाग के पैरा कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया की भी समीक्षा की। बैठक में प्रधान सचिव राजस्व ओंकार चंद शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार और अन्य प्रशासनिक सचिव भी उपस्थित थे।

You may also like

Leave a Comment