Saturday, July 27, 2024
Home हिमाचल प्रदेश HIMACHAL मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार, राज्यपाल ने 2 नए मंत्रियों को दिलाई शपथ

HIMACHAL मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार, राज्यपाल ने 2 नए मंत्रियों को दिलाई शपथ

by News 360 Broadcast

न्यूज़ 360 ब्रॉडकास्ट (हिमाचल प्रदेश/राजनीती)

प्रदेश सरकार ने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए इसमें 2 नए चेहरों को शामिल किया है। जिसके चलते बीते कल बिलासपुर जिला के घुमारवीं से विधायक राजेश धर्माणी और कांगड़ा जिला के जयसिंहपुर से MLA यादविन्द्र गोमा को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने राज भवन में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू भी उपस्थित थे। इस कार्यवाही का संचालन मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने किया।

इस मौके पर बिलासपुर जिला के घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र से चुने गए राजेश धर्माणी और कांगड़ा जिला के जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित यादविन्द्र गोमा ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। वहीं उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर, कैबिनेट मंत्रीगण, मुख्य संसदीय सचिव, प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, विभिन्न आयोगों के अध्यक्ष, विधायकगण, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों सहित नए बने मंत्रियों के परिजन भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

मंत्री राजेश धर्माणी का जीवन परिचय:-

बता दें कि 2 अप्रैल, 1972 को जिला बिलासपुर के घुमारवीं में पैदा हुए राजेश धर्माणी का प्रदेश कांग्रेस समिति के सचिव, उपाध्यक्ष तथा महासचिव पद पर कार्य कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त राज्य युवा कांग्रेस के अध्यक्ष, जिला कांग्रेस समिति के सचिव, अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव एवं एनएसयूआई तकनीकी प्रकोष्ठ के संयोजक भी रहे।

इसके साथ वे दिसंबर, 2007 में प्रदेश विधान सभा के लिए चुने गए और वर्ष 2012 में पुनः निर्वाचित हुए। वह वर्ष 2007-2012 तक प्राक्कलन और मानव विकास समितियों के सदस्य और वर्ष 2013 से 2017 तक मुख्य संसदीय सचिव रहे। दिसंबर, 2022 में प्रदेश विधान सभा के लिए तीसरी बार चुने गए और मानव विकास समिति के अध्यक्ष के रूप में नामित हुए। साथ ही लोक लेखा और ई-गवर्नेंस-सह-सामान्य प्रयोजन समितियों के सदस्य नामित हुए। कृषि एवं सेरीकल्चर में विशेष अभिरूचि रखने वाले श्री धर्माणी समाज सेवा में भी निरंतर सक्रिय रहे हैं और गरीब बच्चों को उच्च शिक्षा प्रदान करने में इनका उल्लेखनीय योगदान रहा है।

मंत्री यादविन्द्र गोमा का जीवन परिचय:-

बता दें कि 4 फरवरी, 1986 को पालमपुर, जिला कांगड़ा में पैदा हुए श्री यादविन्द्र गोमा वर्ष 2010-2015 तक जयसिंहपुर निर्वाचन क्षेत्र से युवा कांग्रेस के अध्यक्ष, वर्ष 2011 से 2014 तक राज्य राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के महासचिव और वर्ष 2019-2021 तक हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रहे। वहीं वर्ष 2012 में गोमा प्रदेश विधान सभा के लिए चुने गए और दिसंबर, 2022 में पुनः निर्वाचित हुए। वह अधीनस्थ विधान समिति के अध्यक्ष और कल्याण एवं नियम समितियों के सदस्य के रूप में मनोनीत किए गए।

You may also like

Leave a Comment