
न्यूज़ 360 ब्रॉडकास्ट
जालंधर: शहर के कन्या महा विद्यालय के तत्वावधान में के.एम.वी. कॉलेजिएट सीनियर सेकेंडरी स्कूल और फिज़िकल एज़ूकेशन विभाग द्वारा युवाओं के बीच भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय खेलों और व्यायामों को बढ़ावा देने के लिए विश्व एथलेटिक्स दिवस मनाया गया। इस आयोजन के दौरान रस्सी कूद, 50 मीटर दौड़, लेमन रेस, सैक रेस और टग-ऑफ-वॉर जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यालय की डायरेक्टर प्रोफेसर (डॉ.) अतिमा शर्मा द्विवेदी ने खेल के मैदान पर सभी प्रतिभागियों के समर्पण, अनुशासन और सराहनीय प्रयासों के लिए उन्हें बधाई दी।



वहीं छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और संतुलित मन बनाए रखने के लिए खेल और शारीरिक गतिविधियाँ आवश्यक हैं। उन्होंने छात्राओं को भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में सक्रिय रूप से और पूरे उत्साह के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया, क्योंकि ये आत्मविश्वास निर्माण, नेतृत्व गुणों और समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। मैडम डायरेक्टर ने पूरे कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए डॉ. मधुमीत (डीन, छात्र कल्याण और प्रमुख, पी.जी. अंग्रेजी विभाग), सुश्री आनंद प्रभा (इंचार्ज, के.एम.वी. कॉलेजिएट सीनियर सेकेंडरी स्कूल) और डॉ. दविंदर (प्रमुख, शारीरिक शिक्षा विभाग) के प्रयासों की सराहना की।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पदक देकर सम्मानित किया गया। रस्सी कूद प्रतियोगिता में तमन्ना (+1 आर्ट्स) ने प्रथम, परनीत (+1 आर्ट्स) ने द्वितीय और मनजोत (+2 मेडिकल) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 50 मीटर दौड़ में जैस्मीन कौर (+2 कॉमर्स) पहले, परनीत (+1 आर्ट्स) दूसरे और शीतल (+1 आर्ट्स) तीसरे स्थान पर रहीं। लेमन रेस में अंजलि (+1 आर्ट्स) ने पहला, नेहा (+2 नॉन-मेडिकल) ने दूसरा और अंशिता (+2 नॉन-मेडिकल) ने तीसरा स्थान हासिल किया। सैक रेस में प्रिंसी (+2 मेडिकल) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एंजेल (+1 आर्ट्स) दूसरे और वाहेनूर (+1 नॉन-मेडिकल) तीसरे स्थान पर रहीं।
