Friday, March 20, 2026
Home जालंधर कैबिनेट मंत्री भगत ने जिला प्रशासन को घरेलू गैस सिलेंडरों की उचित ढंग से सप्लाई सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

कैबिनेट मंत्री भगत ने जिला प्रशासन को घरेलू गैस सिलेंडरों की उचित ढंग से सप्लाई सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

by News 360 Broadcast

न्यूज़ 360 ब्रॉडकास्ट

जिला प्रशसन को कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की दी चेतावनी

जालंधर: कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए जालंधर के निवासियों को घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई के दौरान किसी भी तरह की समस्या का सामना नहीं करने दिया जाएगा और सप्लाई को उचित ढंग से सुनिश्चित किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने जिला प्रशासन को इस संबंध में गैस एजेंसियों की लगातार जांच जारी रखने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को सिलेंडरों के वजन और बुकिंग प्रक्रिया आदि की जांच के लिए एक अभियान शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई उचित, पारदर्शी और समय पर हो सके। वहीं उन्होंने कालाबाजारी और अवैध जमाखोरी में शामिल लोगों को कड़ी चेतावनी दी और कहा कि यदि ऐसा कोई मामला सामने आता है तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की आम लोगों को किसी भी तरह की असुविधा से बचाने की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कैबिनेट मंत्री ने लोगों से यह भी अपील की कि वे घबराहट में अनावश्यक खरीदारी करने से बचें। उन्होंने जनता से अफवाहों से सावधान रहने को भी कहा।

मंत्री भगत ने डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल के नेतृत्व वाले जिला प्रशासन द्वारा जारी किए गए व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9646222555 के बारे में जानकारी दी और कहा कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के बारे में जानकारी इस हेल्पलाइन नंबर पर व्हाट्सएप संदेशों के माध्यम से भेजी जा सकती है।

उन्होंने कहा कि राज्य की मान सरकार ऐसे दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें कहीं भी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो उसे तुरंत उपरोक्त हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से साझा किया जाए, ताकि तत्काल उचित कानूनी कार्रवाई की जा सके।

You may also like

Leave a Comment