Monday, May 11, 2026
Home एजुकेशन HMV कॉलेज के केमिस्ट्री विभाग की छात्रा प्रियंका ने यूनिवर्सिटी में प्राप्त किया सर्वोच्च SGPA

HMV कॉलेज के केमिस्ट्री विभाग की छात्रा प्रियंका ने यूनिवर्सिटी में प्राप्त किया सर्वोच्च SGPA

by News 360 Broadcast

न्यूज़ 360 ब्रॉडकास्ट

जालंधर: शहर के हंसराज महिला महाविद्यालय के स्नातकोत्तर केमिस्ट्री विभाग का एम.एस सी का परिणाम उत्कृष्ट रहा। छात्राओं ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। एमएससी. केमिस्ट्री सेमेस्टर-III की मेधावी छात्रा प्रियंका शर्मा ने गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसर में सर्वाधिक एसजीपीए प्राप्त कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। प्रियंका ने 9.38 एसजीपीए प्राप्त कर न केवल अपने विभाग बल्कि पूरे महाविद्यालय को गौरवान्वित किया।

वहीं प्रियंका शर्मा की इस शानदार सफलता ने महाविद्यालय परिसर को हर्ष और गर्व के वातावरण से परिपूर्ण किया। छात्रा की निरंतर मेहनत, अनुशासन, समर्पण एवं सकारात्मक सोच ने उन्हें यह विशेष उपलब्धि प्रदान की। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि विद्यार्थी पूरी लगन और निष्ठा से कार्य करें तो वे किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।

प्राचार्या डॉ. एकता खोसला ने प्रियंका शर्मा को इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि हंसराज महिला महाविद्यालय सदैव छात्राओं के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि प्रियंका जैसो प्रतिभाशाली छात्राएं संस्थान की पहचान हैं, जो अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि छात्राओं को आत्मविश्वासी, कर्मठ और सफल नागरिक बनाना है।

वहीं केमिस्ट्री विभागाध्यक्ष दीपशिखा ने छात्रा की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रियंका शुरू से ही एक मेहनती और प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं। उन्होंने अपनी नियमित पढ़ाई, समर्पण और सकारात्मक दृष्टिकोण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। विभाग की अध्यापिका डॉ. वंदना ठाकुर ने भी प्रियंका शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेगी तथा विभाग को भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट परिणामों की आशा है।

इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने प्रियंका शर्मा और उनके अभिभावकों को उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस शानदार परिणाम ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि हंसराज महिला महाविद्यालय शिक्षा, अनुशासन और उत्कृष्टता के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।

You may also like

Leave a Comment