
न्यूज़ 360 ब्रॉडकास्ट
जालंधर: हंसराज महिला महाविद्यालय, जालंधर में प्राचार्या डॉ. एकता खोसला के दिशा-निर्देशन अधीन राष्ट्र स्तरीय ‘चेंज मेकर्स अवार्ड-2026’ अर्जित कर अपनी सफलता का परचम एक बार फिर चारों ओर फहरा दिया। नेशनल एडुट्रस्ट ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत भर से दस सर्वोत्तम कॉलेजों को उनके उम्दा प्रयासों के लिए इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से अलंकृत किया गया। पर्यावरण सुरक्षा व संरक्षण का सामाजिक व नैतिक दायित्व बखूबी से निभाते हुए इस गुणवत्ता पूर्ण प्रयास के लिए प्राचार्या डॉ. एकता खोसला को अवार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया।


इस प्रतियोगिता में 538 कॉलेजों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में कॉलेज परिसर में कैंटीन, जूस कॉर्नर, होस्टल मैस से एकत्रित फल और सब्जियों के छिलके, बेकार पदार्थ, पौधे इत्यादि को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के अंतर्गत खाई खोद कर उसमें भरा गया और उसमें वैज्ञानिक तरीके से माइक्रोऑर्गेनिज्म, फंगस, केंचुए इत्यादि की सहायता से खाद का निर्माण किया गया। ये माइक्रोब्स जटिल ऑर्गेनिक मैटर को बायोडिग्रेडेशन द्वारा तोड़ते हैं, जिनसे लाभदायक पदार्थ जैसे कि बायोगैस, खाद आदि का उत्पादन होता है।
ध्यान रहे इस सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट से वायु, भूमि और पानी के प्रदूषण को जहां कम करने में मदद मिलती है, वहीं इससे ग्रीन हाउस गैसों की हानि से भी बचाव होता है, जो जन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं। नोडल ऑफिसर डॉ. अंजना भाटिया के मार्गदर्शन में एनसीसी, एनएसएस यूनिट व पेंटिंग विभाग ने बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट की रचनात्मक कलाकृतियों से सजाकर इसकी सुंदरता को चार चांद लगा दिए। छात्राओं के लिए प्रेरणापुंज बना यह प्लांट वस्तुओं के जहां तक हो सके कम प्रयोग, पुनः प्रयोग, पुनर्चक्रण, पुनरुत्पादन का संदेश देता है। इस मौके पर डॉ. सुमित, डॉ. नीरू भारती, डॉ. ज्योति गोगिया, लेफ्टिनेंट सोनिया महेंद्र, हरमनु, डॉ. शैलेन्द्र भी मौजूद थे।
