
न्यूज़ 360 ब्रॉडकास्ट
जालंधर: जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में बीते दिन महिला से हुई मारपीट मामले में काफी विरोध के बाद पुलिस ने एक्शन ले लिया है। जानकारी के अनुसार इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने एक ASI समेत 3 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। उक्त पुलिसकर्मी ही बीते दिन घरेलू विवाद मामले में पीड़ित महिला के बेटे को गिरफ्तार करने पहुंचे थे।


वहीं महिला से मारपीट और दुर्व्यवहार के इस मामले पर पंजाब राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लेकर जालंधर की पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर को मामले की निष्पक्ष जांच के लिए लिखा है। आयोग ने महिलाओं के लिए पंजाब राज्य महिला आयोग एक्ट 2001 के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई की जाए।
वहीं इस मामले में आयोग ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को मामले से जुड़े दस्तावेजों और तथ्यों सहित 24 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे चंडीगढ़ दफ्तर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में पुलिस कार्रवाई के दौरान भारी हंगामा, पीड़ित महिला ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
जालंधर के भार्गव कैंप में आज सुबह-सुबह भारी हंगामा देखने को मिला। मिली जानकारी के अनुसार भार्गव कैंप में आज सुबह मामले में कार्रवाई करने मोहल्ले के एक घर में पहुंची पुलिस और परिवार में भारी विवाद देखने को मिला। इस दौरान परिवार ने कार्रवाई के लिए उनके घर आए ASI पर मारपीट और घर की महिला के साथ बदसलूकी के आरोप लगाए हैं। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ रही है जिसमें पुलिसकर्मी युवक के साथ मारपीट और महिला के साथ बदसलूकी करता दिख रहा है।

पीड़िता महिला ममता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उनके बेटे-बहू के बीच चल रहे घरेलु विवाद के चलते पुलिस सुबह करीब 7 बजे उनके घर पहुंची थी। महिला के अनुसार इस दौरान एएसआई ने बिना महिला पुलिस की मौजूदगी के उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और उसको बालों से पकड़कर सड़क पर खींच लिया। महिला का कहना है कि घर के अंदर जब महिला ने अपने बेटों को बचाने की कोशिश की, तो पुलिस कर्मी ने उनके साथ भी मारपीट की। महिला का कहना है कि उसने पुलिस को यह भी कहा कि वह थोड़ी देर में अपने बेटों को लेकर थाने आती है लेकिन उन्होंने उसकी एक नहीं सुनी।
वहीं घटना के दौरान मोहल्ले के लोगों ने भी बीच बचाव कर मामले को शांत करने की कोशिश की और पुलिसकर्मी को शांति से कार्रवाई करने की अपील की। लेकिन स्थिति बिगड़ गई और मौके पर भारी हंगामा हो गया। मामला पारिवारिक झगडे से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं सोशल मीडिया पर घटना से जुडी वायरल वीडियो पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर रहीं हैं।
