
न्यूज़ 360 ब्रॉडकास्ट
जालंधर: शहर के हंसराज महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने एक बार फिर अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिचय देते हुए विश्वविद्यालय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। एमएससी. फिजिक्स सेमेस्टर-III की छात्रा कुमारी राजदीप ने 8.36 सीजीपीए तथा एमएससी. फिजिक्स सेमेस्टर-1 की छात्रा कुमारी हरमनप्रोत ने 8.18 सीजीपीए प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। दोनों छात्राओं ने अपने शानदार परिणामों से न केवल अपने परिवार बल्कि महाविद्यालय को भी गौरवान्वित किया है।


इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की आदरणीय प्राचार्या डॉ एकता खोसला ने छात्राओं तथा विभाग के अध्यापकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण तथा शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के माध्यम से जीवन में बड़ी उपलब्धियां प्राप्त की जा सकती हैं।
इस अवसर पर प्राचार्या जी ने छात्राओं को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया तथा अन्य विद्यार्थियों को भी इनसे प्रेरणा लेकर शिक्षा के क्षेत्र में उच्च उपलब्धियां प्राप्त करने का संदेश दिया। यह सफलता महाविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
