Thursday, May 21, 2026
Home एजुकेशन DAV कॉलेज ने 17वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम उपविजेता स्थान

DAV कॉलेज ने 17वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम उपविजेता स्थान

by News 360 Broadcast

न्यूज़ 360 ब्रॉडकास्ट

जालंधर: शहर के डी०ए०वी० कॉलेज ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित 17वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में प्रथम उपविजेता स्थान प्राप्त कर एक गौरवपूर्ण उपलब्धि अर्जित की है। यह प्रतियोगिता नई दिल्ली स्थित संसदीय कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य देशभर के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में युवा संसद गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है।

इससे पूर्व डी०ए०वी० कॉलेज, जालंधर ने समूह स्तर की प्रतियोगिता में समूह विजेता के रूप में सफलता प्राप्त की थी, जिसके पश्चात महाविद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर के लिए पात्रता अर्जित की। अंतिम चरण में महाविद्यालय ने 95.67 प्रतिशत अंक प्राप्त किए तथा कश्मीर विश्वविद्यालय के बाद दूसरा स्थान प्राप्त किया। कश्मीर विश्वविद्यालय ने 96.67 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया।

वहीं राष्ट्रीय स्तर का यह युवा संसद कार्यक्रम 30 अक्टूबर 2025 को महाविद्यालय के स्नातकोत्तर राजनीति शास्त्र विभाग के तत्वावधान में आयोजित किया गया। इसमें 55 विद्यार्थियों ने भाग लिया और वास्तविक संसदीय सत्र की कार्यप्रणाली तथा वातावरण को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

डीएवी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनूप कुमार ने युवा संसद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना, अनुशासन एवं सहिष्णुता को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों को संसदीय संस्थाओं की कार्यप्रणाली समझने में सहायता प्रदान करना है। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि डी०ए०वी० कॉलेज, जालंधर भारत का एकमात्र ऐसा महाविद्यालय है जिसने युवा संसद की ट्रॉफी तीन बार जीती है तथा चार बार प्रथम उपविजेता स्थान प्राप्त किया है।

वहीं प्रिंसिपल ने युवा संसद समन्वयक डॉ. दिनेश अरोड़ा, प्रो. शरद मनोचा, डॉ. नवजीत शर्मा, डॉ. कोमल सोनी तथा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने इस सम्मान को महाविद्यालय तक पहुंचाने के लिए समस्त कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को भी शुभकामनाएं दीं।

You may also like

Leave a Comment