
Punjab: ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी आज, अमृतसर में खालिस्तान जिंदाबाद के लगे नारे
अमृतसर: आज ऑपरेशन ब्लू स्टार की 38 वीं बरसी हैं, जिसके तहत पंजाब में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वहीं कई सिख संगठनो ने आज पंजाब बंद और प्रदर्शन का एलान किया है जिसके बाद सुरक्षा सख्त कर दी गई है। स्वर्ण मंदिर जाने वाले सभी रास्तों पर पुलिसबल तैनात हैं।
जानकारी मुताबिक ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी पर अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में खालिस्तान समर्थकों द्वारा नारे लगाए गए। इतना ही नहीं लोग जरनैल सिंह भिंडरावाले की तस्वीरें लेकर भी नजर आए। स्वर्ण मंदिर में गर्म ख्यालियों के साथ-साथ खालिस्तान समर्थक भी पहुंचे हुए हैं। ऑपरेशन में मारे गए लोगों के परिवार वाले भी आए हैं। हजारों की संख्या में संगत दरबार साहिब में माथा टेकने आ रही है।
इसी मौके पर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि आजादी ने सिखों को धार्मिक और राजनीतिक रूप से कमजोर किया है। सरकारों के सिखों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। सिखों को मजबूत होकर देश की इकोनामी में कब्जा करना होगा तभी हमारा राज होगा। सिखी के प्रचार के लिए सभी को एकजुट होकर मैदान में उतरना होगा। जत्थेदार ने कहा कि 1947 से ही सिखों को दबाने की नीतियां बन गई थी। सिखों के सामने आज बहुत चुनौतियां खड़ी है, जो हमें धार्मिक, सामाजिक व राजनीतिक तौर पर कमजोर कर रही है। इसी कड़ी में इसाईयत का प्रचार जोरशोर से हो रहा है।
जानिए, क्या है ऑपरेशन ब्लू स्टार?
आपको बता दें कि 1984 में आज ही के दिन ऑपरेशन ब्लू स्टार के तहत भारतीय सेना ने अमृतसर में स्थित स्वर्ण मंदिर में प्रवेश किया था। यह ऑपरेशन मंदिर परिसर में छिपे आतंकियों को ढेर करने के लिए शुरू किया गया था। इस ऑपरेशन में सेना को सफलता तो मिली, लेकिन कई आम नागरिकों की भी मौत हो गई थी।