
MP: शिकारियों ने पुलिसकर्मियों पर की फायरिंग, एसआई समेत 3 पुलिसकर्मियों को भून डाला
गुना/भोपाल: मध्यप्रदेश के गुना जिले के आरोना थाना क्षेत्र के जंगल में आज तड़के वन्यजीवों के शिकार के मामले में आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस की टीम पर आरोपियों ने गोलियां चला दीं, जिससे 3 पुलिस कर्मचारी शहीद हो गए और पुलिस वाहन चला रहा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार तड़के लगभग 3 बजे के आसपास हुई इस घटना के बाद आरोपी भागने में सफल हो गए। उनके एक साथी का शव आरोन थाना क्षेत्र से लगे राघौगढ़ इलाके में मिला है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए संपूर्ण जिले में बड़ा अभियान छेड़ दिया है, जिनकी संख्या आधा दर्जन से अधिक बताई गई है। तीन शहीद पुलिस कर्मचारियों में उप निरीक्षक राजकुमार जाटव और 2 जवान नीरज भार्गव तथा संतराम मीणा शामिल हैं।
इस बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि शिकारियों का मुकाबला करते हुए हमारे 3 पुलिस जवान शहीद हो गए हैं। इस संपूर्ण घटना के आरोपियों की पहचान हो गई है और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी, जो इतिहास में उदाहरण बनेगी। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है। उन्होंने दोहराया है कि अपराधी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।
चौहान ने कहा कि शहीद के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपयों की सम्मान निधि दी जाएगी। उनके एक एक परिजनों को सरकारी सेवा में भी लिया जाएगा। उन्होंने पूर्ण पुलिस सम्मान के साथ शहीद जवानों के अंतिम संस्कार के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने ग्वालियर जोन के पुलिस महानिरीक्षक अनिल शर्मा को हटाने के निर्देश भी दिए और उन्हें तत्काल हटा दिया गया।