न्यूज़ 360 ब्रॉडकास्ट
जालंधर: मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए एनएसएस इकाई द्वारा वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य कॉलेज परिसर को ग्रीन कैंपस में परिवर्तित करना है।
अभियान के तहत 40 से अधिक पूर्व विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने मिलकर लगभग 400 पौधे लगाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों—इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, सिविल, कंप्यूटर, एप्लाइड साइंस और वर्कशॉप—के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि अभियान का प्रथम चरण सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है तथा शीघ्र ही दूसरे चरण की शुरुआत की जाएगी।
यह पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति कॉलेज की प्रतिबद्धता को दर्शाती है और विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती है।