
विवादित जमीन पर मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास, अज्ञानता या जनता से धोखा: जीवन गुप्ता
न्यूज़ 360 ब्रॉडकास्ट (पंजाब न्यूज़ ): Foundation stone of medical college on disputed land, ignorance or betrayal of public: Jeevan Gupta : भाजपा पंजाब के प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता ने विवादित जमीन पर कॉलेज बनाने और शिलान्यास करने की घोषणा पर सवाल उठाते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल से सवाल करते हुए कहा कि विवादित जमीन पर कॉलेज बनाने की घोषणा और शिलान्यास करना क्या आपकी अज्ञानता है या आपने पंजाब की जनता को धोखा देने के लिए जानबूझकर यह सब किया है। जीवन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री ने तो यहां तक घोषणा कर दी कि इस मेडिकल कॉलेज की कक्षाएं भी 2023 में शुरू हो जाएंगी।
जारी प्रेस नोट में जीवन गुप्ता ने कहा कि ऐसा कैसे हो गया कि सरकार और प्रशासन ने विवादित जमीन पर मेडिकल कॉलेज बनाने का शिलान्यास कर दिया, जिसका 1987 से कोर्ट में केस चल रहा है। उन्होंने कहा कि इसकी उच्चतम स्तर पर जांच होनी चाहिए। क्योंकि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब की जनता के साथ-साथ केंद्र सरकार को भी धोखा दिया है। यह लोग केंद्र सरकार से पैसे ऐंठने के लिए किसी भी हद तक नीचे गिर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार, उसके मुख्यमंत्री भगवंत मान, आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल सब झूठे और धोखेबाज हैं और किसी भी कीमत पर भरोसे के लायक नहीं हैं।