
एक्शन मोड में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो, Sadhu Singh Dharamsot के बाद अब पंजाब के इस पूर्व मंत्री पर की बड़ी कार्रवाई
चंड़ीगढ़: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार में लिप्त राजनीतिक लोगों के खिलाफ शुरु हुआ एक्शन रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। पूर्व जंगलात मंत्री साधु सिंह धर्मसोत सहित 3 लोगों को गिरफ्तार करने के बाद अब विजिलेंस ब्यूरो ने एक और पूर्व वन मंत्री संगत सिंह गिलजियां को भी भ्रष्टाचार के मामले में नामजद कर लिया है।
जानकारी मुताबिक इस मामले में IFS अमित चौहान, मोहाली के वन मंडल अफसर गुरअमनप्रीत सिंह और वन गार्ड दिलप्रीत सिंह पर भी मामला दर्ज हुआ है। संगत सिंह गिलजियां के साथ उनका पीए कुलविन्द्र सिंह और सचिन कुमार भी नामजद हैं। संगत सिंह गिलजियां व नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी कभी भी हो सकती है।
बताया जा रहा है कि धर्मसोत कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री रहते जंगलात मंत्री थे। हालांकि, जब कैप्टन को हटाया गया तो धर्मसोत की भी मंत्री पद से छुट्टी कर दी गई। इसके बाद चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के मुख्यमंत्री बने तो उस समय संगत सिंह गिलजियां को जंगलात मंत्री बनाया गया था। उल्लेखनीय है कि पंजाब में CM भगवंत मान की अगुआई वाली AAP सरकार ने हाल ही में भ्रष्टाचार के मामले में अपने हेल्थ मिनिस्टर डॉ. विजय सिंगला को भी बर्खास्त कर दिया था।