
PUNJAB: भगवंत मान सरकार से बर्खास्त विजय सिंगला को ACB ने किया गिरफ्तार
चंड़ीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा कैबिनेट से बर्खास्त किए गए स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को गिरफ्तार कर लिया गया है। सिंगला को एंटी क्रप्शन विभाग द्वारा गिरफ्तार किया गया है। विजय सिंगला पर अधिकारियों से ठेके पर एक फीसदी कमीशन की मांग करने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने की शिकायतें आ रही थीं। विजय सिंगला के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के आरोप को लेकर पुख्ता सबूत मिलने के बाद सीएम भगवंत मान ने उन्हें अपने मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
जानकारी मुताबिक मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विजय सिंगला को मंत्रिमंडल से बाहर करने का ऐलान करते हुए साफ कहा कि हम एक प्रतिशत भी भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता ने बहुत उम्मीदों के साथ आम आदमी पार्टी की सरकार बनवाई है। अब उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना हमारा कर्तव्य है। मान ने कहा कि जब तक अरविंद केजरीवाल जैसे भारत माता के बेटे और भगवंत मान जैसे सिपाही हैं, भ्रष्टाचार के खिलाफ महायुद्ध जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विजय सिंगला के खिलाफ भ्रष्टाचार के सबूत मिलने के बाद ये कार्रवाई की है। सीएम भगवंत मान ने साथ ही पंजाब पुलिस को विजय सिंगला के खिलाफ केस दर्ज करने के भी निर्देश दिए थे। भगवंत मान के निर्देश पर पंजाब पुलिस ने विजय सिंगला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी। बता दें कि विजय सिंगला, भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री थे।